
जबलपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 के जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले की जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत दर्शनी और जनपद पंचायत कुण्डम की ग्राम पंचायत देवहरा के सरपंच पद के निर्वाचन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर ईव्हीएम मशीनों की रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। जिला जिला निर्वाचन कार्यालय (स्थानीय निर्वाचन) से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत दर्शनी और जनपद पंचायत कुण्डम की ग्राम पंचायत देवहरा के सरपंच के रिक्त पद के चुनाव के लिए मंगलवार 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार सरपंच के चुनाव ईवीएम मशीनों के माध्यम से कराये जायेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर रेंडमाईजेशन की प्रक्रिया संपन्न हो जाने के बाद ईव्हीएम मशीनों का रिटर्निंग ऑफिसर स्तर पर रेंडमाइजेशन 19 सितम्बर को संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में होगा तथा कमिशनिंग का कार्य 23 सितम्बर से 25 सितम्बर तक किया जायेगा। ज्ञात हो कि सरपंच पद के उप चुनाव में इस्तेमाल की जाने वाली ईव्हीएम मशीनों की फर्स्ट लेवल चैकिंग का कार्य 10 सितम्बर से 12 सितम्बर के बीच की जा चुकी है। निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की मौजूदगी में आयोजित की गई रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अभ्यर्थी भी उपस्थित थे।
