इंदौर: तीन दिन के अवकाश के बाद आयोजित जनसुनवाई में सोमवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा, रिजल्ट और एडमिशन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे. सबसे ज्यादा आवेदन बीए, बीएससी, बीबीए और बीसीए तृतीय वर्ष के सप्लीमेंट्री विद्यार्थियों ने कॉन्फिडेंशियल रिजल्ट को लेकर दिए. अधिकारियों के मुताबिक, आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के परिणाम शाम तक या अधिकतम मंगलवार सुबह तक जारी किए जा सकते हैं। परिणाम जारी करने की अंतिम तिथि भी मंगलवार ही है.
एडमिशन की अंतिम तिथि तीन दिन बढ़ाए जाने के बाद कई विद्यार्थी प्रवेश और आवेदन से जुड़ी दिक्कतों के समाधान के लिए भी पहुंचे. कुछ विद्यार्थियों ने कॉलेज बदलने के लिए आवेदन दिए. अधिकारियों के अनुसार, इन आवेदनों की जांच के बाद नियमों के तहत निर्णय लिया जाएगा. प्रथम वर्ष की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 6 तारीख से शुरू होनी हैं. परीक्षा फॉर्म भरने और लिंक अपडेट कराने में आ रही परेशानियों को लेकर पहुंचे विद्यार्थियों की कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया.
इधर, द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं जारी हैं. फॉर्म भरने की निर्धारित तारीख निकल जाने वाले विद्यार्थियों के मामलों में नियमानुसार परीक्षा में शामिल कराने की प्रक्रिया की गई. वहीं करीब चार-पांच विद्यार्थी ऐसे भी पहुंचे, जिनके द्वितीय वर्ष के पेपर छूट गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें इन पेपरों के लिए मार्च में होने वाली अगली परीक्षा का इंतजार करना होगा. जनसुनवाई में परीक्षा, रिजल्ट, कॉलेज परिवर्तन और प्रवेश से जुड़े मामलों में अधिकांश विद्यार्थियों को मौके पर समाधान मिला, जबकि कुछ मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी है.
