
सीधी। जिले के अमिलिया थानांतर्गत कैमोर मूड़ा पहाड़ के समीप ग्राम हरदी के जंगल में एक मानव नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की । जानकारी के अनुसार, बहरी-हनुमना मार्ग के बीच स्थित ग्राम हरदी के जंगल में चरवाहों ने दोपहर के समय एक कंकाल देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अमिलिया पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कंकाल का सिर तथा शरीर की अन्य हड्डियां अलग-अलग स्थानों पर बिखरी मिलीं। वहीं, एक चड्डी, एक पैंट और एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस ने बताया कि प्रथम दृष्टया कंकाल लगभग एक माह पुराना प्रतीत हो रहा है। हालांकि इसकी वास्तविक अवधि और मृत्यु के कारण का पता पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है, दुर्घटना का है या किसी अन्य कारण से व्यक्ति की मौत हुई है।
