
सिंगरौली । रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर गौरव बैनल ने ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यपालन यंत्री कार्यालय एवं स्थापना कक्ष का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के समुचित रख-रखाव नहीं पाए जाने पर कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों का व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संधारण सुनिश्चित किया जाए। नस्तियों की आवक-जावक पंजी में दिनांक अनिवार्य रूप से अंकित करने तथा नस्ती प्रस्तुत करते समय भी उसकी प्रस्तुति की तारीख दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि नस्ती के प्रस्तुत होने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। कमिश्नर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक नस्ती की नोटशीट पर भी दिनांक अनिवार्य रूप से अंकित की जाए।
निर्माण कार्यो के प्राक्कलन नही मिले अंकित
निरीक्षण के दौरान नस्तियों एवं निर्माण कार्यों के लिए तैयार किए गए प्राक्कलनों में दिनांक अंकित नहीं पाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयीन अभिलेखों एवं प्रकरणों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिपं सीईओ संघप्रिय एवं अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
