एआई के विकास को धीमा रखने की जरूरत : एंथ्रोपिक सीईओ

सैन फ्रांसिस्को, 12 सितंबर (वार्ता) ‘क्लॉड’ जैसे प्रमुख एआई मॉडल बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोदेई ने शनिवार को पोस्ट किए गए एक लेख में चेतावनी भरे स्वर में लिखा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विकसित करने की वैश्विक होड़ की गति को धीमा करने की सख्त जरूरत है।

श्री अमोदेई ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक पोस्ट में लिखा, “हमें एआई मॉडलों की क्षमताओं में सुधार की गति को धीमा करना होगा। प्रगति अभी भी तेज महसूस होगी, और हमें इससे मिलने वाले समय का बुद्धिमानी से उपयोग करना चाहिए।”

एआई तकनीक के अग्रणी समर्थकों में शामिल श्री अमोदेई ने स्वीकार किया कि नियंत्रण खोने की स्थिति में एआई का दुरुपयोग साइबर हमलों, जैविक आतंकवाद और गंभीर आर्थिक व्यवधानों के लिए किया जा सकता है। उन्होंने सचेत किया कि व्यावसायिक लाभ के लिए मची प्रतिस्पर्धा इन जोखिमों को और अधिक गंभीर बना सकती है।

एंथ्रोपिक प्रमुख के अनुसार, हाल के महीनों में एआई तकनीक में अभूतपूर्व गति से सुधार हुआ है और यह स्वयं को बेहतर बनाने की क्षमता हासिल कर चुकी है। अगर इसे अनियंत्रित छोड़ दिया गया, तो यह प्रणालियों को समझने और नियंत्रित करने की हमारी क्षमता से आगे निकल सकती है।

उन्होंने हाल ही में ओपनएआई और हगिंग फेस से जुड़ी घटना में एआई एजेंट्स के व्यवहार पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे अनियंत्रित एआई नेटवर्क 6 से 12 महीनों के भीतर पूरे इंटरनेट को प्रभावित करने में सक्षम हो सकते हैं, जिससे अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता है।

Next Post

आबकारी दफ्तर की नाम के नीचे अवैध शराब का खेल

Sat Sep 12 , 2026
सिंगरौली । आबकारी कार्यालय से महज 300 मीटर दूर ढाबे में शराब बिक्री पकड़े जाने के बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला मुख्यालय बैढ़न के बिलौंजी मुख्य मार्ग के किनारे एक ढाबा से देशी-विदेशी शराब बरामद हुई है। वही इस मामले में आबकारी […]

You May Like