
ब्यावरा। शहर में गुरूवार देर शाम दो कार हादसे हुए. संयोग रहा कि दोनों हादसे गाय को बचाने में हुए. सौभाग्य यह रहा है कि दोनों ही हादसों में किसी प्रकार की मानव क्षति सामने नहीं आई. पहला हादसा अपना नगर क्षेत्र में हुआ जब कि दूसरा हादसे उसके ठीक दूसरी ओर रिलायंस मॉल के सामने सड़क पर.
ब्यावरा के अपना नगर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बलेनो कार गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा मिलन गार्डन के सामने हुआ. गनीमत रही कि हादसे में कार चालक को चोट नहीं आई. बलेनो कार (एमपी 09 डब्ल्यूबी 3308) गुना बायपास की तरफ से अपना नगर की ओर आ रही थी. इसी दौरान मिलन गार्डन के सामने सड़क पर अचानक गाय आ गई. चालक ने उसे बचाने के लिए कार ह्यको तेजी से मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई. कार पलटने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद चालक वहां से चला गया. स्थानीय लोगों के अनुसार चालक के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.
पास खड़ी कार को भी पहुंचा नुकसान
कार के पलटने से पास में खड़ी एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार का मुआयना किया. स्थानीय लोगों ने बताया कि अपना नगर का यह रास्ता रात में भी व्यस्त रहता है. यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि कार भीड़ के बीच पलटती तो बड़ा हादसा हो सकता था. राहगीरों या अन्य लोगों के घायल नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कार चालक की तलाश शुरू कर दी है पुलिस चालक की पहचान और हादसे के बाद उसके मौके से जाने की वजहों का पता लगा रही है. साथ ही चालक के नशे में होने की बात की भी जांच की जाएगी.
लोडिंग वाहन और कार क्षतिग्रस्त हुए
इधर ब्यावरा नगर में हुए एक और हादसे में लोडिंग वाहन और कार क्षतिग्रस्त हो गए. शहर के रिलायंस मॉल के सामने रात 10 बजे के लगभग हुए हादसे में एक गाय को बचाने में कार और लोडिंग वाहन आपस में टकरा गए. लोडिंग वाहन डिवाईडर के पास पर जाकर टकराते हुए रूक गया जबकि उसके ठीक पीछे आ ही कार सामने की ओर से क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना के समय सड़क की लाईटें बंद थी. वहां हादसे के बाद लोगों का हुजूम जमा हो गया. सभी ने वाहन चालकों को उसमें सवार लोगों को देखा. सभी सुरक्षित थे. हालांकि पहले तो लोगों ने इसे कार चलाकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला समझा. लेकिन लोडिंग वाहन को उसके ठीक आगे देखने के बाद पूरी बात समझ आई. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गया. उन्होंने वाहनों को एक ओर करने में मदद की जिससे कि रास्ता जाम ना हो.
