
पड़ाना। ग्राम मगराना से 25 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर गया जत्था शोक में बदल गया. यात्रा के 7वें दिन ही एक श्रद्धालु की तबीयत बिगडऩे से उपचार के दौरान मौत हो गई.गुरुवार को पैतृक गांव मगराना में अंतिम संस्कार किया गया.
जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को ग्राम मगराना से 8 लोगों का जत्था निजी बस द्वारा 25 दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ था. जत्थे में तीन पुरुष, दो महिला और तीन बच्चे शामिल थे, जिसमें प्रमुख रूप से बदाजी मालवीय, बाबूलाल मालवीय और मोहनलाल मालवीय अपने परिवार सहित थे. रवाना होते समय ग्रामीणों ने सभी तीर्थ यात्रियों को फूल-माला पहनाकर मंगलमय यात्रा की कामना के साथ विदाई दी थी. यात्रा के 7वें दिन 8 सितंबर को मथुरा-वृंदावन में जत्थे में शामिल बाबूलाल मालवीय पिता मांगीलाल मालवीय, उम्र 56 वर्ष की अचानक तबीयत खराब हो गई. साथियों ने उन्हें निजी अस्पताल में दिखाया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. परिजनों को सूचना देकर एंबुलेंस की मदद से उन्हें गुना सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से हालत न सुधरने पर इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया. वहां उपचार के दौरान 10 सितंबर सुबह 8 बजे को उनका निधन हो गया. गुरुवार को पार्थिव देह ग्राम मगराना लाई गई, जहां गमगीन माहौल में शाम 5 बजे अंतिम संस्कार किया गया.
