मऊगंज में हाथियों का तांडव: ढाबा गांव में घुसा दो हाथियों का झुंड, फसलों को किया नष्ट, दहशत में ग्रामीण

रीवा,  मऊगंज जिले में, जहां हाथियों के एक झुंड ने ग्रामीण इलाके में जमकर कोहराम मचाया है। पूरा मामला हनुमाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढाबा का है। यहाँ दो हाथियों का एक झुंड अचानक रिहायशी इलाके और खेतों में दाखिल हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

हाथियों द्वारा खेतों में की जा रही तबाही का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो हाथियों का यह झुंड अचानक जंगल के रास्ते होते हुए ढाबा गांव के खेतों में घुस आया। इस समय खेतों में लगी धान और अन्य फसलों को हाथियों ने पैरों तले रौंदकर और खाकर बुरी तरह नष्ट कर दिया है।

मेहनत से सींची गई फसलों को बर्बाद होता देख किसानों में भारी निराशा और आक्रोश है। हाथियों के विशालकाय आकार को देखकर ग्रामीण उन्हें खदेड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

फिलहाल गांव में हाथियों की मौजूदगी की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद से ढाबा और उसके आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल है। हाथियों के झुंड द्वारा मचाए जा रहे कोहराम का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथियों को खेतों के बीच घूमते और फसलों को उजाड़ते हुए साफ देखा जा सकता है।

हलाकी घटना की सूचना मिलते ही वन अमला तुरंत हरकत में आया और टीम के साथ मौके पर पहुंच गया है। हनुमाना थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दे रही है।

वन अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाके से खदेड़कर वापस घने जंगल की ओर भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, न ही उन्हें उकसाने या उन पर पथराव करने की कोशिश करें, क्योंकि इससे हाथी आक्रामक हो सकते हैं।

Next Post

लालबर्रा स्वास्थ्य केंद्र को मिली एम्बुलेंस वाहन एवं 4 बॉडी फ्रीजर

Fri Sep 11 , 2026
बालाघाट, लालबर्रा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे की अनुशंसा पर मॉयल भरवेली द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना […]

You May Like