श्री महाकाल महोत्सव के आमंत्रण पत्र जारी, 14 जनवरी से गूंजेगी शिवभक्ति

उज्जैन: ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर की पावन नगरी उज्जैन में 14 से 18 जनवरी 2026 तक विक्रम संवत 2082 के अंतर्गत भव्य श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. पांच दिवसीय इस धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव के लिए आमंत्रण पत्र छपकर जारी हो चुके हैं. श्री महाकाल महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी को शाम 7 बजे श्री महाकाल महालोक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे.

नवभारत से चर्चा में वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह आयोजन संस्कृति संचालनालय, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, त्रिवेणी संग्रहालय, कृषि उद्योग विकास परिषद नई दिल्ली, उज्जैन विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं नगर निगम उज्जैन की सहभागिता से किया जा रहा है. महोत्सव में देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्थाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों और कलाकारों को आमंत्रित किया गया है.

प्राचीन इतिहास धर्म और परंपरा
इतिहास से जुड़ी महत्ता को रेखांकित करते हुए बताया गया कि लगभग 2100 वर्ष पूर्व उज्जयिनी के सम्राट विक्रमादित्य द्वारा भी शिव महोत्सव का आयोजन किया जाता था और उसी परंपरा को जीवंत रखते हुए यह आयोजन किया जा रहा है. महोत्सव के दौरान शास्त्रीय, लोक और आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिव-केन्दि्रत नृत्य नाट्य, अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी तथा विशेष आयोजन होंगे. ऐसे में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से लेकर महाकाल मंदिर प्रसाद प्रथम कौशिक ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है.

मकर संक्रांति से शुभारंभ
14 जनवरी की संध्या शंकर महादेवन अपने साथ सिद्धार्थ और शिवम के साथ प्रस्तुति देंगे. 15 जनवरी को मुंबई का द ग्रेट इंडियन मयर मंच पर प्रस्तुति देगा. 16 जनवरी को प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा अपनी आवाज से शिवभक्ति की धारा प्रवाहित करेंगी. 17 जनवरी को श्रेयश शुक्ला और विपिन अनेजा की प्रस्तुति होगी, जबकि 18 जनवरी को शिव-केन्दि्रत नृत्य नाट्य के साथ महोत्सव का समापन होगा. भोपाल के भारत भवन में महाभारत के विशेष मंचन की भी प्रस्तुति दी जाएगी.

यह अतिथि रहेंगे मौजूद
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, राज्यसभा सदस्य संत बालयोगी उमेशनाथ, सांसद अनिल फिरोजिया, निगम सभापति कलावती यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे. आमंत्रण पत्रों में संभाग आयुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्लाका भी उल्लेख किया गया है. विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी रहेगी.

उज्जैन का वैभव बढ़ेगा
श्री महाकाल महोत्सव के माध्यम से उज्जैन का वैभव देश-विदेश में और अधिक प्रसारित होगा. महाकाल दर्शन के लिए पहले से आ रहे लाखों श्रद्धालुओं की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गृह नगर होने के कारण उज्जैन में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर उनकी परिकल्पना इस महोत्सव के माध्यम से और अधिक साकार होती दिखाई दे रही है.

Next Post

दिव्यांग महिला से घरेलू हिंसा: बिना तलाक पति ने की दूसरी शादी

Fri Jan 9 , 2026
छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के सूरजपुर गांव से घरेलू हिंसा और बहुविवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और बिना तलाक दूसरी शादी करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय […]

You May Like