दिव्यांग महिला से घरेलू हिंसा: बिना तलाक पति ने की दूसरी शादी

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के सूरजपुर गांव से घरेलू हिंसा और बहुविवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और बिना तलाक दूसरी शादी करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता हेमलता साहू ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सूरजपुर निवासी राकेश साहू से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की गई। हेमलता का आरोप है कि बीमारी के दौरान उसे संदिग्ध दवा खिलाई गई, जिससे उसकी आंखों की रोशनी लगभग पूरी तरह चली गई। इसके बाद उसे बोझ समझकर घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता का कहना है कि पति ने बिना तलाक लिए एक लाख रुपये में राजकुमारी नाम की महिला को घर लाकर दूसरी शादी कर ली। अगस्त माह में समझौते के बहाने बुलाकर दोबारा मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हेमलता ने यह भी आरोप लगाया कि उससे धोखे से नोटरी दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया, जिसमें उसकी सहमति दिखाकर दूसरी शादी कराई गई।

वहीं, पति राकेश साहू का दावा है कि पहली पत्नी पहले से ही दृष्टिहीन थी और उसने दूसरी महिला को लिव-इन में रखा है। दूसरी महिला राजकुमारी का कहना है कि शादी तीनों की सहमति से हुई और वह हेमलता की सेवा करती थी।

मामले में सीएसपी अरुण सोनी ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटरी या स्टांप पर की गई ऐसी सहमति कानूनी रूप से मान्य नहीं होती। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

कलेक्टर, निगम आयुक्त के खिलाफ याचिका दायर

Fri Jan 9 , 2026
इंदौर:आज प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में भागीरथपुरा की घटना को लेकर मुकदमा दायर किया गया है. मुकदमे में कलेक्टर, निगमायुक्त, अपर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता एवं अन्य अधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज करने का परिवाद प्रस्तुत किया गया है.एडवोकेट दिलीप नागर ने आज परिवादी रामू पिता रूपसिंह […]

You May Like