इंदौर: कनाडिया थाना क्षेत्र में एक कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध नगदी बरामद की. कार की डिक्की से करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये नकद मिले, जिनके संबंध में वाहन सवार संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. मामले में आयकर विभाग को सूचना देकर कार्रवाई शुरू कर दी है.कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि क्षेत्र में एफआरवी वाहन द्वारा सतत पेट्रोलिंग की जा रही थी.
इसी दौरान होटल प्रेसिडेंट के पास एक टाटा नेक्सॉन ईवी कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी. एफआरवी में तैनात आरक्षकों ने कार की जांच की तो उसमें तीन युवक बैठे मिले. पूछताछ के दौरान तीनों घबरा गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया. संदेह के आधार पर जब कार की डिक्की खुलवाई गई तो उसमें भारी मात्रा में नकदी भरी हुई मिली.
पूछताछ में वाहन सवारों ने करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये नकद होने की बात स्वीकार की, लेकिन इतनी बड़ी रकम कार में रखने को लेकर कोई संतोषजनक दस्तावेज या ठोस जानकारी पुलिस को नहीं दे पाए. मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद तीनों संदिग्धों को कार सहित थाने लाया गया. थाने में पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि यह राशि सेफलेक्स इंटरनेशनल लिमिटेड और मंत्रम टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है. हालांकि रकम के वैध स्रोत और दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके.
संदिग्ध नगदी मिलने की सूचना पर आयकर विभाग को अवगत करा दिया है. आयकर विभाग की जांच के आधार पर पूरे मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था.
