छतरपुर:जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब पनौठा और जनकपुर गांव के बीच सड़क किनारे दो बाइक सवार युवकों के शव बरामद किए गए। शवों की हालत बेहद खराब थी, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।मृतकों की पहचान गहरवार निवासी सुरेंद्र यादव (19 वर्ष) और संतोष कोरी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों शव सड़क किनारे करीब 20 कदम की दूरी पर पड़े मिले। घटनास्थल से एक देसी कट्टा, मोबाइल फोन और डीलक्स कंपनी की बाइक (क्रमांक MP 16 C 3388) भी बरामद की गई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि सुरेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की गई, जबकि संतोष कोरी का सिर पत्थर से कुचलकर जान ली गई। संतोष के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है।
वहीं राजनगर विधानसभा के विधायक अरविंद पटेरिया जिला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने 30 दिसंबर सुबह 11:30 बजे जानकारी की है।इस मामले में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या किसने और किन कारणों से की, इसका खुलासा जांच के बाद किया जाएगा।घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
