
नवभारत न्यूज
रीवा, 29 जनवरी, प्रयागराज में मौनी अमावस्या के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए रीवा होकर जा रहे हैं. वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति निर्मित हो रही है. रीवा प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के रूकने, खाने-पीने की व्यवस्थाएं अलग-अलग स्थानों में की गई हैं. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद एवं प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय ने जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान स्थित टोल प्लाजा जोगिनिहाई, कलवारी मोड़ तथा चंदई व चाकघाट पहुंचकर तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. महाकुंभ में प्रयागराज जा रहे यात्रियों के लिए महसुआ, रामनई, भलुहा व सुरसाखुर्द पंचायतों की तरफ से टेंट लगाकर यात्रियों के खाने-पीने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा उन्होंने लिया. उन्होंने रैनबसेरों में की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया. इस अवसर पर संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, तहसीलदार विनयमूर्ति शर्मा उपस्थित रहे.
