
जबलपुर। मदनमहल थाना अंतर्गत होमसाइंस कॉलेज के बाहर बुधवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक मनचले की सरेराह जमकर धुनाई कर दी गई। कॉलेज में पढऩे वाली एक छात्रा को यह शोहदा पिछले काफी लंबे समय से परेशान कर रहा था। जैसे ही उसने दोबारा हरकत की, पहले से ताक में बैठे छात्रा के भाइयों और उनके साथियों ने मनचले को रंगे हाथों दबोच लिया और बीच सडक़ पर ही उसकी हेकड़ी निकाल दी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त छात्रा होमसाइंस कॉलेज की छात्रा है। आरोपी युवक पिछले कई दिनों से कॉलेज आते-जाते समय उसका पीछा करता था छात्रा ने डर के मारे कुछ दिन तो इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तो उसने पूरी आपबीती अपने भाइयों को बताई। भाइयों ने आरोपी को सबक सिखाने के लिए बुधवार को उसकी घेराबंदी की। छात्रा कॉलेज के पास पहुंची, वहां पहले से घात लगाए खड़े मनचले ने फिर से उसे परेशान करना शुरू कर दिया। छात्रा का इशारा मिलते ही उसके भाई और उनके दोस्त तुरंत मौके पर आ धमके। उन्होंने मनचले को कॉलर से पकड़ा और बीच सडक़ पर ही थप्पड़-लात बरसाने शुरू कर दिए। सरेराह मनचले की पिटाई देखकर आसपास के लोगों और अन्य छात्राओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस नदारत, सुरक्षा गायब
कॉलेज के बाहर छात्राओं की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। होमसाइंस कॉलेज के बाहर हर समय आवारा और मनचले लडक़ों का जमावड़ा लगा रहता है। पूर्व में यहां सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दो महिला पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती की गई थी, जिससे ऐसे तत्वों में खौफ रहता था। लेकिन, पिछले कुछ समय से यहां से पुलिसकर्मी पूरी तरह नदारद हैं। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण मनचलों के हौसले सातवें आसमान पर हैं।
