इंदौर:बेहतर सिबिल स्कोर के आधार पर नया क्रेडिट कार्ड दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने मल्हारगंज के प्रॉपर्टी ब्रोकर को निशाना बनाया. बैंक प्रतिनिधि बनकर पहले उससे निजी जानकारी ली और फिर बैंक जैसी दिखने वाली ऐप डाउनलोड करवाई. इसके बाद मोबाइल हैक कर ठगों ने खाते से 4 लाख 46 हजार रुपए निकाल लिए.मल्हारगंज निवासी अमित धूत ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त को उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आए थे. फोन करने वालों ने खुद को एक नामचीन बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया. उन्होंने अमित से कहा कि उनका सिबिल स्कोर अच्छा है, इसलिए उन्हें नया क्रेडिट कार्ड जारी किया जा सकता है.
बातचीत के दौरान ठगों ने उनकी जन्मतिथि सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ली. इसके बाद वॉट्सऐप पर संपर्क कर उन्हें बैंक के नाम से मिलती-जुलती ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया. अमित ने ऐप में मांगी गई जानकारी दर्ज कर दी. इसके बाद कुछ ही समय में उनका मोबाइल हैक हो गया. खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन होने लगे और 4 लाख 46 हजार रुपए निकल गए. खाते से रकम जाने के मैसेज मिलने पर अमित को ठगी का पता चला. उन्होंने मल्हारगंज थाने में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस कॉल करने वाले नंबरों और बैंक खाते में हुए ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
