भारतीय समुदाय भारत-रोमानिया संबंधों का मुख्य स्तंभ: मुर्मु

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रोमानिया के बुखारेस्ट में भारतीय समुदाय और ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ को संबोधित करते हुए भारतीय समुदाय को भारत-रोमानिया संबंधों का सबसे मजबूत स्तंभ बताया और उनसे ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में भारत की विकास यात्रा के सक्रिय भागीदार बने रहने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति भवन सचिवालय ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रपति रोमानिया की अपनी राजकीय यात्रा के समापन दिवस पर भारत के रोमानिया स्थित राजदूत द्वारा आयोजित एक स्वागत समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतिभाई बंभाणिया तथा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और विजय बघेल भी उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही भारतीय समुदाय के सदस्य भारत से दूर रहते हों, लेकिन वे अपनी मातृभूमि से गहराई से जुड़े हुए हैं और उनकी उपलब्धियां तथा भारत के प्रति उनका प्रेम प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां और भारतीय पेशेवर रोमानिया के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग के नये अवसर भी सृजित कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और रोमानिया के संबंधों का सबसे मजबूत आधार दोनों देशों के लोगों के बीच का घनिष्ठ संबंध है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय एकजुट होकर रोमानिया में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए है, जबकि भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी इंजीनियरों, विद्वानों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों और विद्यार्थियों की नयी पीढ़ी अब रोमानिया को अपना घर बना रही है।

उन्होंने कहा कि रोमानिया की अर्थव्यवस्था और समाज में भारतीय समुदाय का योगदान तथा वहां भारतीय संस्कृति और मूल्यों को बढ़ावा देने के उसके प्रयास उसे भारत का सच्चा प्रतिनिधि बनाते हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय की मेहनत, प्रतिभा और समर्पण की सराहना करते हुए रोमानिया की सरकार और वहां के लोगों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने भारतीय समुदाय का स्वागत किया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।

‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इसका उद्देश्य समृद्ध, आधुनिक, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का निर्माण करना है। उन्होंने रोमानिया में रह रहे भारतीय समुदाय से भारत की विकास यात्रा में सक्रिय योगदान जारी रखने का आग्रह किया और कहा कि उनका अनुभव, विशेषज्ञता और उपलब्धियां देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

श्रीमती मुर्मु ने स्वागत समारोह में उपस्थित रोमानिया के ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ की भी सराहना करते हुए कहा कि भारतीय कला और संस्कृति के प्रति उनका प्रेम तथा भारत के साथ उनके आध्यात्मिक संबंध दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु हैं। उन्होंने भारत और रोमानिया के बीच मित्रता एवं सहयोग को और मजबूत बनाने में उनके निरंतर सहयोग की भी सराहना की।

तीन देशों की राजकीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद श्रीमती मुर्मु स्वेदश रवाना हो गयीं।

 

Next Post

फडणवीस के शिक्षा मंत्री बनने की संभावना: संजय राउत

Sat Jul 25 , 2026
मुंबई, 25 जुलाई (वार्ता) शिवसेना (यूबीटी) के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने शनिवार को संकेत दिया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नया शिक्षा मंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा, ” श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद श्री फडणवीस को अगला शिक्षा मंत्री बनने का […]

You May Like