इंदौर: शहर के खजराना क्षेत्र में सीवरेज का दूषित पानी सड़क पर बहने की गंभीर समस्या सामने आई है, खासकर तब जब नगर निगम शहर की स्वच्छता और इंफ्रास्ट्रख्र को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है. शिकायतों के बाद भी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. स्थानीय निवासियों के लिए यह न केवल गंदगी और बदबू की परेशानी है, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी एक बड़ा खतरा है.
खजराना क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 39 के दाऊदी नगर में सीवरेज लाइन की समस्या रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. अली पब्लिक स्कूल के पास सड़क पर सीवरेज का गंदा पानी इस तरह बह रहा है, मानो बारिश का पानी जमा हो गया हो. मौके पर सीवरेज चैंबर क्षतिग्रस्त नजर आया वहीं आगे की लाइन चोक होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है.
इसी मार्ग पर निजी स्कूल होने से रोजाना सैकड़ों विद्यार्थियों को दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. बताया जाता है कि स्कूल निर्माण के बाद निकासी का रास्ता बंद हुआ और समस्या ज्यादा बढ़ गई. क्षेत्रवासी खुद चेंबर साफ करते हैं. लंबे समय से जमी गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ चुका है और बीमारी भी फैल रही है. करीब एक से डेढ़ वर्ष से मौजूद इस समस्या के निराकरण के लिए रहवासियों ने 311 पर कई बार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन निराकरण के नाम पर केवल आश्वासन मिला. आरोप है कि शिकायत के बाद न उचित फॉलोअप किया जाता है और न ही मौके पर सर्वे, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है.
यह बोले रहवासी….
कुछ चैंबर लापरवाही के चलते बंद कर दिए गए. कुछ क्षतिग्रस्त हो चुके हैं पानी की निकासी नहीं होती. इससे पानी बाहर बहने लगता है. इससे गंदगी सड़कों पर जमा हो जाती है.
– मोहम्मद असलम
सड़क पर इतना पानी बढ़ जाता है कि घरों की देहली तक आ जाता है गंदगी घरों के अंदर पहुंच रही है, मच्छर इतने हो चुके हैं कि बीमारियां फैल रहे हैं.
– अब्दुल गफ्फार मुल्तानी
मैरे द्वारा कई बार ऑनलाइन शिकायत की, मगर और तो और निरीक्षण के लिए तक कोई नहीं आया. वहां खुद ही फाइंड आउट करके शिकायत खत्म कर देते हैं हम समस्या का स्थाई निराकरण चाहते हैं.
– साजिद अहमद
