ग्वालियर: कूनो नेशनल पार्क में 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर कूनो नेशनल पार्क के तीनों गेटों से लेकर घने जंगल के इलाकों तक मध्य प्रदेश पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. सुरक्षा कारणों से कूनो नेशनल पार्क में आज 20 जून से ही पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर श्योपुर जिला प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 21 जून को सायं कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी. इसके बाद, अगले दिन यानी 22 जून की सुबह वह कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी.
गांवों में सुरक्षा के लिहाज से सघन सर्चिंग अभियान
श्योपुर के पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के आदेश के बाद कूनो के आसपास के गांवों में सुरक्षा के लिहाज से सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया है. कूनो नेशनल पार्क के बाहरी हिस्सों से लेकर अंदरूनी इलाकों तक मुस्तैद अधिकारी और कर्मचारी गांवों से लेकर जंगलों तक पैनी नजर रख रहे हैं और लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. कूनो नेशनल पार्क की सीमाओं से लगे करीब 6 पुलिस थानों की फोर्स 62 गांवों में लगातार सर्चिंग कर रही है. राष्ट्रपति के कूनो दौरे को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कूनो नेशनल पार्क के पीपलवाड़ी, अहेरा और टिकटोली गेटों सहित जंगल से सटे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही हैं.
