
चितरंगी । चितरंगी थाना क्षेत्र के खुरमुचा गांव में एक 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलराम कोल उर्फ शिवकुमार कोल पिता रामबचन कोल निवासी खुरमुचा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शनिवार शाम करीब 8 बजे घर से बसाही तरफ गया था। जहां रविवार की शाम मृतक की पत्नी ने परिजनों को सूचना दी कि बलराम कोल गांव के लवकुश द्विवेदी के घर के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवक का शव कंटीले तार के पास पड़ा मिला। बताया गया कि मृतक के गले में लाल रंग की साफी फंसी हुई थी तथा साफी का दूसरा सिरा कंटीले तार में उलझा हुआ था। परिजनों ने आशंका जताई है कि बलराम कोल शराब के नशे में कंटीले तार में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी टीआई सुदेश तिवारी के निर्देशन में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
