छतरपुर। जिले के तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेबा का निरीक्षण कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने किया। उनके साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. आर.पी. गुप्ता और जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया भी मौजूद रहे। यह निरीक्षण 12 नवंबर, बुधवार सुबह 11:30 बजे किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की स्वच्छता, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की बाउंड्रीवॉल, सौंदर्यकरण और भवन की मरम्मत से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण अंचल की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, इसलिए इनकी कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
