
जबलपुर। सेंट्रल जीएसटी के अधिकारियों द्वारा रिश्वत लेने के मामले में फरार चल रहे अधीक्षक मुकेश बर्मन ने सीबीआई की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। अदालत ने आरोपी को 2 जुलाई तक के लिए सीबीआई की रिमांड पर भेज दिया है। गौरतलब है कि पिछले साल 17 दिसंबर को सीबीआई की टीम ने सेंट्रल जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर विवेक वर्मा और इंस्पेक्टर सचिन खरे को एक होटल व्यवसायी विवेक त्रिपाठी से 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। उस समय अधीक्षक मुकेश बर्मन वहां से फरार हो गया था। तब से वह करीब 6 महीने से पुलिस की गिरफ्त से दूर था। सीबीआई के एसपी एसके राठी के नेतृत्व में लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। हाल ही में उसके ग्वारीघाट स्थित घर पर भी दबिश दी गई थी। गिरफ्तारी न होने पर सीबीआई ने कोर्ट से उसकी संपत्ति कुर्क करने की अनुमति भी ले ली थी। अब रिमांड के दौरान उससे अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों और दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
