नवरात्रि में महिला सुरक्षा के लिए स्कूटी से उतरीं महिला पुलिसकर्मी

सिंगरौली: शारदीय नवरात्रि के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिंगरौली पुलिस ने विशेष पेट्रोलिंग शुरू की है। पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देशन एवं एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।
महिला पुलिस की टीमें दुर्गा पूजा पंडालों, मेला परिसरों, रामलीला स्थलों, गरबा-डांडिया आयोजनों और प्रमुख बाजारों में सक्रिय हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं के आवागमन वाले मार्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार पूछतांछ और समझाइश दे रही हैं। महिलाओं से अभद्रता, अश्लील टिप्पणी, छेड़छाड़ और पीछा करने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं तथा अनुचित व्यवहार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी रहेगी।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत

Wed Oct 14 , 2026
छिंदवाड़ा:जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 45 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के […]

You May Like