इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा जहरीली शराब कांड के आरोपी शिवांजय राजपूत पिता धर्मेन्द्र राजपूत निवासी ग्राम छापरी, थाना बण्डा को शार्ट एनकाउंटर मे पकड़कर पुलिस अभिरक्षा मे लेकर अस्पताल मे उपचार के लिए ले जाया गया।आरोपी घटना बाद से फरार था जिस पर पुलिस द्वारा पूर्व से ही ₹30,000 का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पूर्व से ही शराब तस्कर है तथा इसके ऊपर 03 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। थाना बहरोल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि शराब प्रकरण का आरोपी शिवंजय राजपूत थाना बहरोल क्षेत्र अंतर्गत कठुआ नाला के पास जंगल में, मुख्य मार्ग धामोनी – बहरोल तरफ से निकलकर अपने घर छापरी थाना बंडा जाने की संभावना है।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक सागर एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने तथा आसपास के थाना प्रभारियों को भी आवश्यक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए और क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह एवं थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थान की चारों ओर से घेराबंदी कर सघन सर्चिंग प्रारंभ की गई।पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी एवं सर्चिंग के दौरान आरोपी शिवांजय राजपूत ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए गए।पुलिस टीम द्वारा अपनी सुरक्षा एवं आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए गए।

जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने तत्परता और साहसिक कार्यवाही का परिचय देते हुए घायल आरोपी शिवांजय राजपूत को सुरक्षित रूप से गिरफ्तार कर लिया।घायल आरोपी को तत्काल आवश्यक उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी शिवांजय के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, 03 जिंदा कारतूस, 03 खाली कारतूस, एक मोबाइल तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, सोता रहा परिवार

Sun Sep 13 , 2026
ग्वालियर। डबरा अनुभाग के गिजौर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम चक उभरासी में अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार आंगन में सो रहा था और चोर पीछे से दीवार तोड़कर घर में घुस गए और सोने-चांदी के जेवरात […]

You May Like