
ग्वालियर। डबरा अनुभाग के गिजौर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम चक उभरासी में अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार आंगन में सो रहा था और चोर पीछे से दीवार तोड़कर घर में घुस गए और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी बिजेन्द्र सिंह जाटव पुत्र किशोरीलाल जाटव उम्र निवासी चक उभरासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रात में वे पत्नी कमला, बड़ी व छोटी लड़की समेत सभी लोग खाना खाकर अपने घर के आंगन में 3-4 खाटों पर सो गए थे। आज सुबह उसकी पत्नी भैंस का दूध निकालने के लिए कमरे में बाल्टी लेने गई। जब उसने पीछे वाले कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो अंदर से कुंडी लगी होने से दरवाजा नहीं खुला। खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं आया।
जब अंदर झांक कर देखा तो कमरे के अंदर दीवान-पलंग का पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कमरे की पिछली दीवार अलमारी के पास फूटी हुई दिखी। परिवार के लोग जाग गए और पीछे जाकर देखा तो घर की दीवार में बड़ा छेद किया हुआ था। पास में जसवंत पनिया के खेत में मिट्टी पड़ी मिली। कुछ दूरी पर खेत में ही काले रंग का मंगलसूत्र टूटा हुआ और कपड़े पड़े मिले। घर में दीवान पलंग में रखे काले बैग के अंदर से जेवरात गायब थे।
चोरों ने 2 जोड़ी सोने के टॉप्स, 1 सोने का वेटर, 1 जोड़ी चांदी की पायल, 2 चांदी की चूड़ियां, 2 चांद की हाफ करधोनी समेत सोने-चांदी के जेवर और कपड़े चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि साथ ही हरी सिंह जाटव के मकान में भी सेंध लगाई गई और उसकी दीवार भी फूटी मिली, उसके घर से भी बक्से और कपड़े खेत में पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक घटना रात 12 बजे से 3 बजे के बीच हुई है। गिजौर्रा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी। पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
