श्योपुर: कूनो राष्ट्रीय उद्यान से भटककर एक चीता राजस्थान के रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान की फलौदी रेंज में पहुंच गया है। लहसोड़ा क्षेत्र के खिरखड़ी गांव के पास चीते की सक्रियता दर्ज होने के बाद दोनों राज्यों के वन विभागों ने निगरानी तेज कर दी है। सड़क किनारे खुले इलाके में चीते को घूमते देख स्थानीय ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाया गया चीते का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को वन्यजीव से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कूनो ट्रैकिंग टीम ने संभाला मोर्चा
प्रभारी अनिल पाठक के नेतृत्व में मध्य प्रदेश वन विभाग की विशेषज्ञ टीम रणथंभौर पहुंच गई है। स्थानीय वनकर्मियों के साथ मिलकर टीम चीते की तलाश और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी है ताकि उसे वापस कूनो भेजा जा सके। वन अधिकारियों ने बताया कि चीते के गले में लगे रेडियो कॉलर के जरिए उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। सिग्नल स्पष्ट न होने के बावजूद विशेषज्ञ दल लगातार पदचिह्नों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निगरानी कर रहा है।पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
