
सिंगरौली/बैढ़न। बैढ़न क्षेत्र में सोमवार दोपहर मानसून ने जोरदार दस्तक दी। तेज चमक, गरज और हवाओं के झोंकों के साथ करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली, वहीं खेतों की ओर टकटकी लगाए बैठे अन्नदाताओं के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई।
बारिश शुरू होते ही शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। किसान इसे खरीफ फसलों की बुवाई के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं। उनका कहना है कि समय पर हुई बारिश से धान सहित अन्य फसलों की बुवाई में तेजी आएगी और खेती-किसानी को नई उम्मीद मिलेगी। मौसम के बदले मिजाज से आमजन ने भी राहत महसूस की। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो कृषि कार्यों को गति मिलेगी और इस बार बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ेगी।
