महू:मानपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एबी रोड स्थित खतरनाक भेरुघाट पर एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में एक कार सवार भोपाल की महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन डिवाइडर पर जा चढ़े.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक क्रमांक एमपी 15 एचए 1249 का चालक बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था. ढलान पर संतुलन खोने के कारण ट्रक ने आगे चल रही कार और अन्य गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हादसे में गंभीर रूप से घायल रजनी (34 वर्ष) पति विजय सिंह, निवासी नेहरू नगर भोपाल को खून से लथपथ हालत में तुरंत मानपुर सीएचसी अस्पताल ले जाया गया.
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में महू के गेटवेल अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन, सिर और शरीर पर आई घातक चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार एसके राय (59 वर्ष) पिता केदारनाथ, निवासी भोपाल भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. उन्हें महू के गेटवेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से डिवाइडर पर फंसे दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को साइड में करवाकर दोनों ओर से यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया. पुलिस ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
