ग्वालियर: अंबेडकर मूर्ति विवाद को लेकर ग्वालियर का माहौल गरम है। इसे लेकर शहर में धारा 163 लागू है। वहीं, भीड़ एकत्रित करने की मनाही है। साथ ही शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार हजार जवानों की तैनाती की गई है। इस बीच बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा अपने लोगों के साथ सुंदर कांड का पाठ करने जा रहे थे। तभी सीएसपी हिना खान ने उन्हें रोक दिया। इस पर अधिवक्ता अनिल मिश्रा ने कहा कि आप सनातन विरोधी हैं। साथ ही जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। ऐसे में डीएसपी हिना खान भी उनके मुंह पर जय श्रीराम के नारे लगाने लगी।
दरअसल, अधिवक्ता अनिल मिश्रा के साथ सीएसपी हिना खान की बहस हो रही थीं। अनिल मिश्रा ने सीएसपी को कहा कि आपने हमारे लोगों को रोका है। इस पर हिना खान कहती हैं कि मैंने नहीं रोका है। एसडीएम का फैसला है। इस पर अनिल मिश्रा कहते हैं कि आपने दो बार ऐसा किया है। अनिल मिश्रा ने कहा कि ये बिल्कुल सनातन का विरोध है। हिना खान ने इस पर कहा कि यह सनातन का विरोध नहीं है।अनिल मिश्रा वहां नारेबाजी करने लगे। वह जय जय श्रीराम कहने लगते हैं। हिना खान भी इसके बाद नहीं मानी।
अनिल मिश्रा को नारेबाजी करते हुए देख, उनके सामने जाकर डीएसपी हिना खान भी जय श्रीराम के नारे लगाने लगीं। वह चार बार अनिल मिश्रा की आंखों में आखें डाल जय जय श्रीराम बोलीं। इसके बाद वह कहती हैं कि और कुछ। अनिल मिश्रा के समर्थक फिर कुछ बोलते हैं तो डीएसपी हिना खान कहती हैं कि गलत मत करो। मैं नारा लगाऊंगी। आप लोग भी लगाइए। इसके बाद भीड़ नारेबाजी करने लगी। वहीं, मंदिर के पुजारी ने कहा कि एसपी ने हमें बुलाया था। उन्होंने कहा था कि हमारी अनुमति के बिना कोई कार्यक्रम नहीं करवाना। हमने उनके आदेश का पालन किया है।
