सतना:चित्रकूट दीपदान मेले के दौरान सतना-चित्रकूट मार्ग पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सवारी वाहनों के खिलाफ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने कड़ा कदम उठाया है। विशेष जांच अभियान के तहत 12 वाहनों पर अनियमितताओं के लिए कुल 24,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में चेकिंग पॉइंट टीम क्र. 01 द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।
इस टीम में प्रभारी सीएस खरे, प्रधान आरक्षक आर.आर. तिवारी, महिला आरक्षक सरिता यादव, आरक्षक मयंक अवस्थी और नगर सैनिक भरत दुर्वेदी शामिल थे। टीम ने ओवरस्पीड बसों, ठसाठस भरे सवारी वाहनों और नियमों का पालन न करने वाले वाहनों को रोका, जांच के दौरान 12 वाहनों पर विभिन्न अनियमितताओं के लिए जुर्माना लगाया गया। साथ ही, किराया सूची न प्रदर्शित करने वाले वाहनों को तत्काल सूची चस्पा करने के निर्देश दिए गए।
आर टी ओ के मुताबिक “दीपदान मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से यात्रा करते हैं। हमारा लक्ष्य न केवल नियमों का पालन कराना, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।उन्होंने आगे कहा कि यह चेकिंग अभियान मेले की समाप्ति तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।
