चक्कर आने से बाइक से गिरकर घायल महिला ने तोड़ा दम

जबलपुर: भेड़ाघाट अंतर्गत खैरी, रिंग रोड पुल के नीचे दो सप्ताह पहले मोटरसाइकिल से उतरते समय अचानक चक्कर खाकर सडक़ पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला नरसिंहपुर के बरेहटा मुंगवानी की रहने वाली तारा बाई साहू (65) बीती 15 जून 2026 को अपने पोते शुभम कुमार साहू (22) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जबलपुर आ रही थीं।

सुबह करीब 9 बजे जब वे भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड पुल के नीचे ग्राम खैरी के पास पहुँचे, तभी तारा बाई ने पोते से कहा कि उन्हें अचानक चक्कर आ रहे हैं और उन्होंने गाड़ी रोकने को कहा। पोते शुभम ने जैसे ही मोटरसाइकिल रोकी, दादी गाड़ी से उतरकर सडक़ पर खड़ी हुईं। शुभम अपनी मोटरसाइकिल स्टैंड पर खड़ी कर ही रहा था कि तभी उसकी दादी अचानक चक्कर खाकर रोड पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। सडक़ पर गिरने के कारण उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
14 दिनों तक चला जिंदगी और मौत का संघर्ष
शुभम ने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान और बेहोश दादी को तुरंत इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहाँ डॉक्टरों की देखरेख में पिछले 14 दिनों से उनका उपचार चल रहा था। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है ।

Next Post

अस्थि विसर्जन के दौरान नर्मदा नदी में डूबने से युवक की मौत

Tue Jun 30 , 2026
जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत लम्हेटा घाट पर अपने रिश्तेदार के अस्थि विसर्जन में शामिल होने आए गढ़ा निवासी एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सिद्धनगर त्रिपुरी चौक गढ़ा के रहने वाला संजू कोरी (28) पेशे से सब्जी […]

You May Like