जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत लम्हेटा घाट पर अपने रिश्तेदार के अस्थि विसर्जन में शामिल होने आए गढ़ा निवासी एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सिद्धनगर त्रिपुरी चौक गढ़ा के रहने वाला संजू कोरी (28) पेशे से सब्जी व्यापारी हैं, वह अपने बड़े भाई सुनील कोरी (36) के साथ अपने रिश्ते के जीजा संत कुमार की खारी (अस्थि) विसर्जन करने के लिए लम्हेटा घाट आए हुए थे।
धार्मिक रस्म पूरी करने के बाद, सुबह करीब 11:45 बजे दोनों भाई नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए पानी में उतरे। नहाने के दौरान बड़ा भाई सुनील कोरी अचानक घाट के गहरे पानी की तरफ चला गया। जब तक छोटा भाई संजू कुछ समझ पाता, सुनील तेज धारा और गहरे पानी में पूरी तरह समा गया। संजू ने तत्काल शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सुनील का कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे सुनील का शव लम्हेटा घाट के पास ही नर्मदा नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत शव को पानी से बाहर निकलवाया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है।
