सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित रामलीला मैदान में अंतरराष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हुआ। इस दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम में सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
पंडित डॉ. एनपी मिश्रा द्वारा अखाड़े की पूजा कराई गई, जिसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ दंगल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। दंगल प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए नामचीन पहलवानों ने अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में भूटान के पहलवान चिंमचिम डोगरा और आगरा के पहलवान के बीच जोरदार कुश्ती हुई, जिसे दर्शकों ने तालियों से सराहा। इसके बाद राजस्थान के पहलवान तूफान और हरिद्वार के शास्त्री पहलवान के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शास्त्री पहलवान ने शानदार जीत दर्ज की।
वहीं केरल के पहलवान हलचल और जम्मू के पहलवान रिजवान गनी के बीच हुए मुकाबले में रिजवान गनी को विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता में वेस्ट बंगाल के धमाका पहलवान, प्रशांत ठाकुर, बिल्ला पहलवान, जम्मू-कश्मीर के फाजन गनी, हरियाणा के राहुल पांडेय, मुजफ्फरनगर के काली पहलवान, अयोध्या के पागल बाबा लाठी, आगरा के देवा पहलवान, वेस्ट बंगाल के शैतान सिंह, नेपाल के मेवा थापा, जबलपुर के राधे पहलवान, हरिद्वार के सुमित पहलवान, नेपाल की रूबी थापा, दिल्ली की वैशाली पहलवान और सिंगरौली की कात्यानी द्विवेदी के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
