
देवसर । महानदी में धड़ल्ले से हो रहे अवैध रेत उत्खनन का असर अब देवसर-पुरानी देवसर मार्ग पर बने महानदी पुल की सुरक्षा पर दिखाई देने लगा है। पुल के एक किनारे का बॉर्डर क्षतिग्रस्त होने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार बारिश के बीच पुल के आसपास नदी से रेत निकाले जाने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री अशोक कुमार सिंह ने मौके का निरीक्षण करने के बाद माना है कि नदी में रेत उत्खनन के कारण पुल की स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो पुल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी। जानकारी मिलते ही उपयंत्री अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए सुधार कार्य की तैयारियों की जानकारी ली। उपयंत्री ने बताया कि क्षतिग्रस्त बॉर्डर का सुधार कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। कल से काम शुरू होने की संभावना है, वहीं ठेकेदार के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद हैं। इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि महानदी में अवैध तरीके से लगातार रेत निकाले जाने से पुल के आसपास की जमीन और संरचना प्रभावित हो रही है। पुल का कोई हिस्सा कभी भी और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकता है। लोगों ने रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने के साथ पुल की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल वाहन चालकों से क्षतिग्रस्त हिस्से के पास सावधानीपूर्वक आवागमन करने की अपील की गई है।
