भोपाल। राजधानी भोपाल में रिहायशी इलाकों में नियमों के विरुद्ध चल रही दुकानों पर नगर निगम का सीलिंग अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में अरेरा कॉलोनी, रोहित नगर, बावड़िया कलां और 10 नंबर मार्केट सहित कई इलाकों में दुकानें बंद कराई गईं। खास बात ये रही कि दूसरे दिन अधिकांश चिन्हित दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानें बंद रखीं। देखिए हमारी ये रिपोर्ट…
भोपाल नगर निगम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत रिहायशी इलाकों में बिना अनुमति चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। पहले दिन कई दुकानों को शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया गया था, जबकि दूसरे दिन चिन्हित अधिकांश दुकानें पहले से ही बंद मिलीं।
नगर निगम अब तक 1,000 से ज्यादा अनधिकृत व्यावसायिक इकाइयों को नोटिस जारी कर चुका है। इसी के तहत सीलिंग की प्रक्रिया जारी है। हालांकि इस कार्रवाई का कुछ व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है, जबकि रहवासी संघ इसे नियमों के पालन की दिशा में जरूरी कदम बता रहे हैं।
रहवासियों का आरोप है कि सिर्फ औपचारिक रूप से कुछ समय के लिए दुकानें बंद कराई जा रही हैं और बाद में फिर से खोल दी जाती हैं। उनका कहना है कि वे इस संबंध में फोटो और वीडियो के साथ न्यायालय में अपनी बात रखेंगे।
वहीं नगर निगम का कहना है कि इसे कार्रवाई कहना सही नहीं होगा, क्योंकि अधिकांश दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर लीं। जिन दुकानों को कोर्ट से राहत मिली थी, उन्होंने भी सहयोग करते हुए शटर गिरा दिए। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बीच यह अभियान आगे किस दिशा में बढ़ता है।
