जबलपुर: विजयनगर में सैर पर निकली एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर मोटरसाइकिल पर सवार शातिर बदमाश ने घात लगाकर करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि विजयनगर के एचबी कॉलेज के पास रहने वाली आशा शर्मा (67) रोज की तरह घूमने निकली थीं। जब वह वापस अपने घर की ओर लौट रही थीं, तभी सामने से एक लड़का काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर आया।
वह बुजुर्ग महिला के आगे निकला और बाइक मोड़कर रास्ते में खड़ा हो गया, मानो वह महिला के पास आने का ही इंतजार कर रहा हो। जैसे ही बुजुर्ग महिला उस बाइक सवार के करीब पहुंची, बदमाश ने पलक झपकते ही किसी नुकीली चीज को महिला के गले में फंसाया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन वजन लगभग 10 ग्राम पूरी ताकत से खींची और बाइक दौड़ाकर भाग निकला।
बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हुलिए और काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
