जबलपुर: शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले शातिर ठग सक्रिय हैं। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत चंडीमाता मंदिर के सामने स्थित एसबीआई में केन्द्रीय विद्यालय के एक रिटायर्ड शिक्षक का पैसे गिनते समय ठग ने ध्यान भटकाते हुए कहा कि बाबूजी आपका कुछ सामान नीचे गिर गया है और उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1 लाख 33 हजार 800 रुपये पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रपुरी कॉलोनी ग्वारीघाट निवासी सतीशचंद्र भारद्वाज (77) केन्द्रीय विद्यालय से शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं। वे चंडीमाता मंदिर के सामने स्थित एसबीआई एटीएम से नकदी निकालने गए थे। बुजुर्ग ने मशीन से 5-5 हजार रुपये करके दो बार में कुल 10 हजार रुपये निकाले। जब वे कैश गिन रहे थे, तभी केबिन के अंदर उनके ठीक पीछे खड़ा एक अज्ञात युवक बोला बाबूजी, आपका कुछ सामान नीचे गिर गया है। बुजुर्ग शिक्षक जैसे ही नीचे देखने लगे, शातिर ठग ने पलक झपकते ही मशीन से उनका असली एटीएम कार्ड निकाल लिया।
इसके बाद उसने अपनी जेब से दूसरा फर्जी कार्ड निकालकर बुजुर्ग को थमा दिया और वहाँ से चुपचाप निकल गया। बुजुर्ग शिक्षक को भनक तक नहीं लगी कि उनके हाथ में जो कार्ड है, वह उनका नहीं है। जब पीड़ित के पास बैंक से ट्रांजैक्शन की पुष्टि के लिए फोन आया। बैंक अधिकारी की बात सुनकर बुजुर्ग के होश उड़ गए। उन्हें बताया गया कि उनके खाते से एटीएम के जरिए कुल 1,33,800 रुपये की रकम निकाली जा चुकी है। जब उन्होंने घबराकर अपना एटीएम कार्ड चेक किया, तो उस पर किसी दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज था। तब जाकर उन्हें समझ आया कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। पुलिस एटीएम बूथ के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हुलिए के आधार पर आरोपी को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
