
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ. हितेश बाजपेयी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश की सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार का निर्णय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि एनएच-347बी के हिवरखेड़ी–रोशनी–आशापुर–रुधि सेक्शन के दो लेन उन्नयन तथा देशगांव–जुलवानिया सेक्शन को दो लेन से चार लेन में विकसित करने का निर्णय क्षेत्रीय विकास का मजबूत आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा, जिससे कृषि, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही परिवहन लागत और यात्रा समय में कमी आएगी तथा पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। डॉ. बाजपेयी के अनुसार आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, सशक्त अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास की दिशा में यह निर्णय मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को और मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश आधुनिक अधोसंरचना के नए मानक स्थापित कर रहा है।
