जबलपुर: संत शिरोमणि गुरू रविदास जी महाराज की कलश मंगल यात्रा के माध्यम से उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन- जन तक पहुंचाने का संकल्प है। संत श्री रविदास जी ने सामान्य परिवार में जन्म लेकर अपने जीवन और विचारों से समाज को सामाजिक समरसता का संदेश दिया। यह बातें मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शांति नगर मध्य विधानसभा क्षेत्र में आयोजित संत शिरोमणि श्री रविदास जी की कलश वंदन यात्रा के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी द्वारा बताए गए मार्ग की आज के समय में भी विशेष प्रासंगिकता है। उनके विचार समाज में समानता, सद्भाव और समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों और उनके संदेश को आमजन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के शांति नगर स्थित संत शिरोमणि श्री रविदास जी के मंदिर में पूजन-अर्चन किया गया।
इसके बाद श्री तोमर और विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने हाथों में कलश लेकर शांति नगर स्थित रामजानकी मंदिर तक पैदल यात्रा की। यात्रा के दौरान क्षेत्रवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इन्दु, नीरज सिंह, डॉ. अभिलाष पांडे, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, निगम अध्यक्ष रिंकूज विज, भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
