जबलपुर:आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ और खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सूचना तंत्र विकसित करने के साथ-साथ गरुड़ दल को तत्काल सक्रिय किए जाए। मावे से बनने वाली मिठाइयों के साथ पैक्ड फूड, प्रदेशभर में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर और बाजार में बिक रहे पनीर की भी सख्ती से जांच कराई जाए पैकेट बंद मिठाइयों के साथ बेकरी में तैयार होने वाले केक एवं अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता की जांच हो।
खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई को अभियान के रूप में संचालित किया जाए और मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह बातें कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहार को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की बैठक लेते हुए कहीं। बैठक में उन्होंने त्यौहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली गई। उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
खरीदते समय गुणवत्ता की जांच-परख जरूरी: सिंह
कलेक्टर सिंह ने शहरवासियों से अपील की कि त्यौहारों के समय मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता की जांच-परख जरूर करें। उन्होंने कहा कि जहां भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो, उसकी शिकायत संबंधित विभाग से करें, ताकि मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
