नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) जापान ओपन चैंपियन पीवी सिंधु को विश्व चैम्पियनशिप के लिए 9वीं सीडिंग मिली है और 2022 एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को 5वीं सीडिंग दी गई है। यह चैंपियनशिप 17-23 अगस्त, 2026 तक यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेली जाएगी। इस चैंपियनशिप की सभी पांच कैटेगरी में भारत की दो-दो एंट्री हैं और पांच में से चार कैटेगरी में कम से कम एक सीडेड एंट्री है। सिंधु और सात्विक-चिराग के अलावा, पूर्व वर्ल्ड चैंपियनशिप ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट लक्ष्य सेन को पुरुष सिंगल्स में 14वीं सीडिंग मिली है और ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी को 15वीं सीडिंग मिली है।
जहां खिलाड़ी 28 अप्रैल, 2026 की अपनी वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई हुए, वहीं सीडिंग का फैसला 28 जुलाई, 2026 की वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर किया गया।
पुरुष सिंगल्स के वर्ल्ड चैंपियन चीन के शी युकी और दक्षिण कोरिया की महिला सिंगल्स स्टार एन से यंग अपनी-अपनी कैटेगरी में टॉप सीड हैं। महिला सिंगल्स की वर्ल्ड चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को दूसरी सीडिंग मिली है, जबकि तीसरा और चौथा स्थान चीन की वांग झी यी और चेन युफेई को मिला है। चैंपियनशिप के लिए ड्रॉ बुधवार को यहां होगा और अगर सीडेड खिलाड़ियों में से कोई उससे पहले अपना नाम वापस लेता है, तो फाइनल सीडिंग बदल सकती है। दक्षिण कोरिया के किम वॉन हो और सियो सेउंग जे पुरुष डबल्स सीडिंग चार्ट में टॉप पर हैं, जबकि चीन की लियू शेंग शू और टैन निंग को महिला डबल्स में टॉप सीडिंग मिली है। उनके हमवतन फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग मिक्स्ड डबल्स में नंबर एक सीडेड हैं।

