नशे में चूर दोस्त से ही दब गया था बंदूक का ट्रिगर 

इछावर। सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर शनिवार रात गोली लगने से हुई 25 वर्षीय सचिन वर्मा की मौत का मामला शुरुआती आशंकाओं से बिल्कुल अलग निकला. जिस घटना को पहले दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष और आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा था, उसका पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया. पुलिस के अनुसार सचिन की हत्या की कोई पूर्व योजना नहीं थी, बल्कि नशे की हालत में दोस्त शक्तिसिंह के हाथ से बंदूक का ट्रिगर दबने से गोली चली थी. हैरानी की बात यह रही कि गोली चलाने का आरोपी रविवार सुबह मृतक के परिजनों के साथ हाईवे पर चक्काजाम में भी शामिल रहा.

घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने रात और सुबह दो बार हाईवे जाम किया तथा इछावर थाने और पीएम कक्ष के बाहर हंगामा किया. पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक जब्त कर ली है. रविवार की सुबह से दोपहर करीब 12.30 बजे तक चले विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, अजय पटेल और समाजसेवी एवं युवा नेता सोहन वर्मा भी पहुंचे. उन्होंने पीडि़त परिवार की मांगों का समर्थन किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने परिजनों से बातचीत की और उनकी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने हाईवे से जाम हटाया. लंबे समय तक आवागमन बाधित रहने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई थीं. चक्काजाम खुलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की. एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतक सचिन वर्मा और आरोपी शक्तिसिंह दोनों सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे और एक-दूसरे के परिचित थे. शनिवार रात सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ के बीच दोनों की मुलाकात हुई थी. बातचीत के दौरान सचिन उत्सुकतावश शक्तिसिंह की 12 बोर की बंदूक देखने लगा. इसी दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था। पुलिस के अनुसार अत्यधिक नशे की हालत में शक्तिसिंह के हाथ से बंदूक का ट्रिगर दब गया और गोली सीधे सचिन की कनपटी में जा लगी. गोली लगने से सचिन की मौके पर ही मौत हो गई.

मामूली सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ था विवाद 

शनिवार रात करीब 8 से 8.30 बजे के बीच भाऊखेड़ी जोड़ स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के गोदाम पर भूसा लेकर पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक कार के बीच भिड़ंत हो गई थी. इस मामूली दुर्घटना के बाद गोदाम के मजदूरों और पास ही स्थित कल्लू चेयरमैन के ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया.मौके पर भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान भाऊखेड़ी निवासी 25 वर्षीय सचिन वर्मा पिता द्वारका प्रसादको कनपटी पर गोली लग गई. गोली लगते ही सचिन ने मौके पर दम तोड़ दिया. अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शुरुआती जानकारी में इसे दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और फायरिंग का मामला माना जा रहा था.

रात में ही परिजनों ने कर दिया था चक्काजाम 

सचिन की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने रात में ही सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. सूचना पर एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए इछावर लाया गया. लेकिन रविवार सुबह परिजनों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा. उनका आरोप था कि घटनास्थल से पुलिस को बंदूक और कारतूस मिलने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है. पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने दोबारा हाईवे जाम कर दिया. इसके साथ ही इछावर थाने और पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर भी जमकर हंगामा किया.

आरोपी को लगा किसी ने उसे देखा नहीं 

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि गोली चलाने के बाद आरोपी शक्तिसिंह को लगा कि रात के अंधेरे और घटनास्थल पर मौजूद भीड़ के बीच किसी ने उसे गोली चलाते नहीं देखा है. इसी गलतफहमी में वह रविवार सुबह मृतक के परिजनों के साथ पुलिस के खिलाफ किए गए चक्काजाम में भी शामिल हो गया. हालांकि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों की पहचान कर उनके बयान लिए. पूछताछ में घटनाक्रम की कडिय़ां जुड़ती चली गईं और पुलिस ने शक्तिसिंह को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में आरोपी ने गोली चलने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं.

तीन घंटे में पुलिस ने कर दिया मामले का पर्दाफाश 

एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार, पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महज कुछ घंटों में मामले का खुलासा कर आरोपी शक्तिसिंह को गिरफ्तार कर लिया. जिस मामले को लेकर सुबह तक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे, उसमें जांच के बाद आरोपी की बंदूक सहित गिरफ्तारी की गई. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Next Post

ऐशबाग स्टेडियम के पास जनता क्वार्टर में सुबह होगी कार्रवाई

Sun Nov 22 , 2026
भोपाल। ऐशबाग स्टेडियम के पास स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई को लेकर संबंधित क्षेत्र में तैयारी की जा रही है। सुबह होने वाली इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहेगा। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy […]

You May Like