5 हजार आवारा कुत्तों की नपा करेगी धरपकड़

सीहोर। आवारा कुत्तों से परेशान शहरवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. नगर पालिका ने आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए 29 लाख रुपए की लागत से एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास बनने वाले इस सेंटर में आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका बधियाकरण और टीकाकरण किया जाएगा. इसके बाद कुत्तों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वापस छोड़ा जाएगा.

एबीसी सेंटर तैयार होने तक नगर पालिका ने आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके लिए नपा ने आवश्यक दवाइयां और इंजेक्शन खरीदकर पशु चिकित्सा विभाग को उपलब्ध करा दिए हैं. शनिवार से नगर पालिका डॉग कैचर की मदद से आवारा कुत्तों को पकड़कर पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से वैक्सीनेशन शुरू करेगी. नगर पालिका के अनुसार शहर में आवारा कुत्तों की संख्या 5 हजार से अधिक बताई जा रही है. इनसे शहरवासियों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार आवारा कुत्ते बच्चों और राहगीरों के पीछे दौड़ पड़ते हैं। बाइक सवारों के पीछे कुत्तों के दौडऩे से दुर्घटनाएं भी होती हैं. वहीं शहर सहित जिले में डॉग बाइट के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं. औसतन हर दिन पांच से अधिक डॉग बाइट के मामले सामने आते हैं.

एबीसी सेंटर के लिए मिली स्वीकृति

आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास एबीसी सेंटर बनाया जाएगा. इसके लिए 29 लाख रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है. सेंटर में कुत्तों को डॉग कैचर के माध्यम से पकड़कर लाया जाएगा. यहां उनके बधियाकरण और टीकाकरण के साथ कुछ समय तक रखने और भोजन की व्यवस्था भी रहेगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्धारित स्थान पर वापस छोड़ा जाएगा.

अब तक कई सड़क हादसों का सबब बन चुके हैं कुत्ते

शहर में दिनों- दिन बढ़ती जा रही कुत्तों की संख्या लोगों के लिए दुखदायी साबित हो रही है. इनके कारण कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं तो इनके काटने के मामलों में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी हुई है. ऐसे में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद नगरीय निकायों को सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में नगर पालिका ने भी आवारा कुत्तों के नियंत्रण की कार्ययोजना पर अमल करते हुए शनिवार से कार्य प्रारंभ किया जा रहा है.

आज से नपा का अमला पकड़ेगा आवारा कुत्ते

आवारा कुत्तों के बधियाकरण के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाने और उन्हें पकडऩे के लिए डॉग कैचर आदि की कार्ययोजना को शासन से स्वीकृति मिल गई है. जल्द ही सेंटर का निर्माण शुरू कराया जाएगा. इससे शहरवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.

सुधीर कुमार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, सीहोर

Next Post

श्रीलंका क्रिकेट XI ने टीम इंडिया की गेंदबाजी की खोली पोल, पहले 20 ओवर में नहीं टूटी एक भी साझेदारी

Sat Aug 8 , 2026
कोलंबो, श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में भारतीय गेंदबाजों की शुरुआत खराब रही। पहले 20 ओवर में श्रीलंकाई सलामी जोड़ी ने बिना विकेट खोए 100 से अधिक रन बना लिए। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को प्रैक्टिस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं […]

You May Like