
लवकुशनगर। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कटिया में हाल ही में निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र में शुरुआती दिनों में ही दरारें दिखाई देने लगी हैं। लगभग 11.22 लाख रुपए की लागत से बने इस भवन की दीवारों में निर्माण के करीब दो माह के भीतर ही दरारें आने से स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि भवन की स्थिति को देखते हुए इसकी मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। उनका मानना है कि यदि समय रहते इसकी जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। क्षेत्र में पूर्व में भी निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण हादसे होने की बात सामने आती रही है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि भवन की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराए जाएं, ताकि आंगनवाड़ी केंद्र सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।
इनका कहना है कि
आपके द्वारा जानकारी दी गई है, हम उपयंत्री को भेजकर जांच करवाते हैं, दोष पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पी.एल. यादव, सीईओ, लवकुशनगर जनपद पंचायत
