
ब्यावरा। नगर के श्री खाटू श्याम मंदिर में एकादशी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गई. मंदिर परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा. बाबा श्याम का श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्पमालाओं और आकर्षक सजावट से मंदिर परिसर को भव्य रूप दिया गया. दिन भर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का क्रम जारी रहा. दोपहर और शाम की आरती के समय मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे. नगर सहित आसपास के गांवों, दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर दर्शन के लिए आये. कई जगह से भव्य निशान यात्राएं निकाली गई, जो बाबा के दरबार पहुंची.
