यूकेके जूनियर चैंपियनशिप : 1500 से अधिक छात्र राष्ट्रीय खेल दिवस पर जुटे, जमीनी स्तर पर खो-खो को बढ़ावा देने की पहल

नयी दिल्ली, (वार्ता) राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी में यूकेके जूनियर चैंपियनशिप-दिल्ली 2025 का आगाज हुआ। साकेत के रेड रोजेज पब्लिक स्कूल में 29 और 30 अगस्त को आयोजित हो रहा यह दो दिवसीय टूर्नामेंट भारत के सबसे लोकप्रिय स्वदेशी खेलों में से एक खो-खो को मंच प्रदान करेगा और भविष्य के सितारों को निखारने का अवसर देगा। दिल्ली और एनसीआर के 32 स्कूलों की टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं, जहां युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाकर शीर्ष सम्मान के लिए मुकाबला करेंगे।

अल्टीमेट खो-खो (यूकेके) लीग द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य स्कूल स्तर से खेल को मजबूती देना है। विजेता टीम को 31,000, उपविजेता को 21,000 और तीसरे स्थान पर आने वाली दो टीमों को 11,000-11,000 रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। दो दिनों तक 1500 से अधिक छात्र इस आयोजन का हिस्सा बनकर भारत के सबसे पुराने स्वदेशी खेल का उत्सव मनाएंगे, जिसमें जोश, ऊर्जा और गर्व का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 की पृष्ठभूमि में इस चैंपियनशिप का महत्व और बढ़ जाता है, क्योंकि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का दावा पेश करने की तैयारी कर रहा है और सरकार खो-खो जैसे स्वदेशी खेलों को एशियाई और ओलंपिक खेलों में शामिल कराने की कोशिशें कर रही है।

मैच यूकेके फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिसे 2022 में पेश किया गया था और जिसने खो-खो को नई पीढ़ी के लिए रोमांचक रूप में ढाल दिया। अब यह सिर्फ स्कूल का खेल नहीं रहा, बल्कि तेज-तर्रार और हाई-ऑक्टेन खेल बन गया है जो खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को रोमांचित करता है।

खो-खो महासंघ (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “खो-खो हमेशा से गति, रणनीति और टीमवर्क का खेल रहा है। यूकेके जूनियर चैंपियनशिप जैसे मंचों से युवा खिलाड़ी खेल से गहराई से जुड़ रहे हैं। जब भारत एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर स्वदेशी खेलों को जगह दिलाने की कोशिश कर रहा है, तब ऐसे टूर्नामेंट बेहद अहम साबित होते हैं।”

आयोजन के दूसरे दिन यानी 30 अगस्त को केकेएफआई अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, रेड रोजेज स्कूल के नेतृत्वकर्ता और यूकेके लीग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। साथ ही वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी मेहुल और निर्मला भाटी भी छात्रों का हौसला बढ़ाने पहुंचेंगे।

यूकेके लीग प्रमोटर अमित बर्मन ने अपनी दृष्टि साझा करते हुए कहा, “यूकेके फॉर्मेट ने साबित कर दिया है कि खो-खो कितना आधुनिक और रोमांचक हो सकता है। इस दृष्टि को जूनियर स्तर तक ले जाना सुनिश्चित करता है कि हम कल के चैंपियंस तैयार कर रहे हैं और खेल को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बना रहे हैं।”

यह जूनियर कप केवल एक शुरुआत है। आने वाला साल खो-खो के लिए बेहद रोमांचक होगा। अल्टिमेट खो-खो का तीसरा सीजन 29 नवंबर 2025 से शुरू होगा, जिसमें पहली बार विदेशी खिलाड़ी भी शामिल होंगे। खो-खो अब और बड़े तथा वैश्विक मंच की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

 

Next Post

आदित्य ठाकरे और हर्ष दुबे ने नॉर्थ ईस्ट जोन को संकट में डाला

Sat Aug 30 , 2025
बेंगुलरु (वार्ता) दानिश मालेवर (203) और यश राठौड़ (नाबाद 87) रनों की शानदार पारियों के बाद आदित्य ठाकरे (तीन विकेट) और हर्ष दुबे (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर सेंट्रल जोन ने दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शुक्रवार को 187 के स्कोर पर नॉर्थ ईस्ट जोन […]

You May Like