बेंगुलरु (वार्ता) दानिश मालेवर (203) और यश राठौड़ (नाबाद 87) रनों की शानदार पारियों के बाद आदित्य ठाकरे (तीन विकेट) और हर्ष दुबे (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर सेंट्रल जोन ने दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शुक्रवार को 187 के स्कोर पर नॉर्थ ईस्ट जोन के सात विकेट झटकर मैच पर अपनी पकड़ बना ली है।
सेंट्रल जोन ने कल के दो विकेट पर 432 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में अभी टीम के स्कोर में नौ रन का इजाफा हुआ था कि दोहरा शतक बनाने वाले दानिश मालेवर रिटायर्ड आउट हाे गये। दानिश मालेवर ने 222 गेंदों में 36 चौकों और एक छक्के की मदद से 203 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शुभम शर्मा और यश राठौड़ के बीच 91 रनों की साझेदारी हुई। 102वें ओवर में शुभम शर्मा (34) को आकाश चौधरी ने बोल्डकर दिया। इसी के साथ सेंट्रल जोन ने चार विकेट पर 532 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। यश राठौड़ ने 111 गेंदों में 11चौकों की मदद से नाबाद 87 रन बनाये।
नॉर्थ ईस्ट जोन के लिए आकाश चौधरी ने दो विकेट लिये। फिरोइजम सिंह ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ ईस्ट जोन के लिए कर्णजीत युमनाम और तेची दोरिया की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 24वें ओवर में हर्ष दुबे ने तेची दोरिया (20) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रजत पाटीदार ने कर्णजीत युमनाम (48) को रनआउट कर पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद सेंट्रल जोन के गेंदबाजी आक्रमण के आगे नॉर्थ ईस्ट जोन के बल्लेबाज लाचार नजर आये। जेहु एंडरसन (17) को हर्ष दुबे ने आउट किया। आशीष थापा (35), हेम चेत्री (चार) और फिरोइजम सिंह (शून्य) को आदित्य ठाकरे ने आउट किया। दिन का खेल समाप्त होने के समय नॉर्थ ईस्ट जोन ने 168 के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिये थे। अंकुर मलिक (नाबाद 31) और पलजोर तमांग (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे।
सेंट्रेल जोन की ओर से आदित्य ठाकरे ने तीन विकेट और हर्ष दुबे ने दो विकेट लिये।
