अंकुर मित्तल ने डबल ट्रैप में एशियाई चैम्पियनशिप रिकॉर्ड बनाते हुए जीता स्वर्ण पदक

शिमकेंट, (वार्ता) पूर्व विश्व नंबर 1 और 2018 चांगवोन विश्व चैम्पियन अंकुर मित्तल ने 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप के दौरान डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतते हुए नया एशियाई चैम्पियनशिप रिकॉर्ड बनाया।

कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रही इस प्रतियोगिता में अंकुर की इस जीत के साथ भारत का कुल पदक आंकड़ा 103 तक पहुंच गया – 52 स्वर्ण, 26 रजत और 25 कांस्य पदकों के साथ यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

अंकुर मित्तल ने भानु प्रताप सिंह और हर्षवर्धन काविया के साथ मिलकर डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में टीम कांस्य भी जीता। अंकुर ने चार राउंड (प्रत्येक में 30 शॉट्स) में 26, 28, 26 और 27 अंक हासिल करते हुए कुल 107 हिट के साथ स्वर्ण पदक जीता। कजाकिस्तान के स्थानीय शूटर आर्टिओम चिकुलायेव ने 98 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि कुवैत के अहमद अलअफ़ासी ने 96 2 के साथ शूट-ऑफ में कांस्य पदक हासिल किया।

डबल ट्रैप जूनियर वर्ग में हतीम खान मोहम्मद ने 89 हिट्स के साथ रजत पदक और मानवराजसिंह चुडासमा ने 87 हिट्स के साथ कांस्य पदक जीता। दोनों ने विनय प्रताप सिंह चंद्रावत (81) के साथ मिलकर इस इवेंट का टीम स्वर्ण भी जीता।

डबल ट्रैप महिला वर्ग में भारत ने पोडियम क्लीन स्वीप करते हुए स्वर्ण , रजत और कांस्य अपने नाम किए। अनुश्का सिंह भाटी (93) ने स्वर्ण, राजकुंवर प्रनिल इंगले (89) ने रजत और यशाया हाफिज कॉन्ट्रैक्टर (87) ने कांस्य पदक जीता। इस तिकड़ी ने टीम स्वर्ण भी अपने नाम किया। महिला जूनियर वर्ग में अवनी अलंकार कोली ने 77 हिट्स के साथ कांस्य पदक जीता। अवनी ने कृषिका जोशी और स्मिता सावंत (दोनों 61 हिट्स) के साथ मिलकर टीम रजत भी जीता।

50 मीटर राइफल प्रोन महिला वर्ग में मनीनी कौशिक ने 617.8 स्कोर के साथ भारत के लिए कांस्य पदक जीता। मनीनी ने सुरभि भारद्वाज (614.4) और विदर्शा के. विनोद (613.8) के साथ मिलकर टीम रजत भी जीता। जूनियर वर्ग में प्राची गायकवाड़ ने 616.6 स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। प्राची ने अनुशका ठोकुर (607.6) और तेजल नाथावत (599.2) के साथ मिलकर टीम कांस्य पदक भी जीता।

25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल पुरुष वर्ग में, रजकंवर सिंह ने प्रिसीजन राउंड में 289 और रैपिड राउंड में 294 के स्कोर के साथ कुल 583-22x बनाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने गुरप्रीत सिंह (579-17x) और अंकुर गोयल (571-18x) के साथ टीम स्वर्ण भी जीता।

25 मीटर पिस्टल पुरुष जूनियर वर्ग में सूरज शर्मा (588-24x), अभिनव चौधरी (582-20x) और मुकेश नेलवल्ली (576-21x) ने पोडियम क्लीन स्वीप करते हुए क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। इन तीनों ने मिलकर टीम स्वर्ण भी भारत को दिलाया।

कुल 103 पदकों के साथ (52 स्वर्ण, 26 रजत, 25 कांस्य), भारत ने एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप के इतिहास में अपना सबसे सफल अभियान पूरा किया। भारत ने पिछली बार दक्षिण कोरिया के चांगवोन में हुई 15वीं एशियाई चैम्पियनशिप से 39 पदक अधिक जीते। मेजबान कजाकिस्तान दूसरे और चीन तीसरे स्थान पर रहे।

 

Next Post

तेज सज्जा की फिल्म 'मिरई' का ट्रेलर रिलीज

Sat Aug 30 , 2025
मुंबई, (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार तेज सज्जा की आने वाली फिल्म ‘मिरई’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कार्तिक गट्टमनेनी के निर्देशन और टीजी विश्व प्रसाद एवं कृति प्रसाद के प्रोडक्शन में बनी फिल्म मिरई के लिए नॉर्थ मार्केट से धर्मा प्रोडक्शंस भी जुड़ चुकी है।फिल्म ‘मिरई’ 12 […]

You May Like