
मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने टैक्स संबंधी धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी नीलेश सिंह को जिला मैहर के थाना रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जीएसटी व इनकम टैक्स रिटर्न के नाम पर नया तरीका अपनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विगत 7–8 वर्षों से फरियादी प्रभुलाल माली का जीएसटी व आईटी कार्य देख रहा था। इस दौरान उसने फरियादी के जीएसटी खाते में स्वयं का मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी दर्ज कर दी और फर्जी बिलों के माध्यम से अन्य फर्मों को जीएसटी रिबेट पास कर शासन को राजस्व हानि पहुंचाई। इसके एवज में आरोपी ने लाखों रुपये का कमीशन प्राप्त किया।
मामले में थाना कोतवाली पर अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 318(4), 316(2), 316(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम ने लगभग 800 किमी दूरी तय कर आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में फरियादी को करीब 15 से 20 लाख रुपये की हानि होना सामने आया है। आरोपी से लैपटॉप व दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच की जा रही है। न्यायालय से आरोपी का 8 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने जीएसटी/आईटी खातों में स्वयं का मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी ही दर्ज रखें और समय-समय पर रिबेट की जांच करते रहें।
