नजीबाबाद हाईवे पर कंटेनर में आग लगने से लाखों का नुकसान

हरिद्वार 25 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार में नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर रात चंडी देवी उड़न खटोला से आगे गौरी शंकर मंदिर के समीप एक चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। चालक राजेश ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चालक और परिचालक ने समय रहते कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में पूरा कंटेनर धू-धू कर जलने लगा।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। कोतवाली प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कंटेनर चेन्नई से भारत हैवी इलेक्ट्रिक लिमिटेड का सामान लेकर जा रहा था। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

 

 

Next Post

इंदौर में थैलेसेमिया मरीजों को मिली बड़ी राहत

Wed Feb 25 , 2026
इंदौर: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और वेदांता फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से मंगलवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में थैलेसेमिया बाल सेवा योजना के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया.मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि जिन बच्चों का एचएलए मैच होगा, उनका बोन मैरो […]

You May Like