रेहटी. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मांजरकुई के समीप अवैध शराब लेकर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को रोका, लेकिन एक आरोपी पुलिस को झांसा देकर फरार होने में कामयाब हो गया, जबकि एक पुलिस के हत्थे चढ़ गया. आरोपी के पास शराब बरामद की गई है. रेहटी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मांजरकुई-मरदानपुर के बीच पुलिया के पास दो व्यक्ति बाइक से अवैध शराब लेकर नर्मदा घाट की ओर बिक्री हेतु जा रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति हेमराज मीणा आ. महेश मेहरा निवासी आवंली घाट को पुलिस ने दबोच लिया. फरार आरोपी का नाम अंकित कीर पिता शिवनारायण कीर, निवासी ग्राम आंवलीघाट बताया गया. आरोपी हेमराज मेहरा के पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी की तलाशी लेने पर 7 पेटी मसाला शराब मिली. पुलिस ने उक्त शराब और बाइक को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.
